पटना : बिहार में सरकारी स्कूलों में विशेष कक्षाओं के संचालन को लेकर शिक्षा विभाग सख्त नजर आ रहा है। पटना के दानापुर कैंट स्थित पीएम श्री बलदेव उच्च माध्यमिक विद्यालय के 10 शिक्षकों पर संकल्प संध्या रेमेडियल क्लास के संचालन में सहयोग नहीं करने और कार्यक्रम का बहिष्कार करने का आरोप लगा है। इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने सभी संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, सभी 10 शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर अपना जवाब देना होगा। डीईओ ने शिक्षकों से पूछा है कि आखिर उन्होंने संकल्प संध्या रेमेडियल क्लास के संचालन में अपेक्षित सहयोग क्यों नहीं किया और कार्यक्रम से दूरी क्यों बनाई?
स्पष्टीकरण मांगे गए शिक्षकों में कंचन भारती, राजीव कुमार, प्रदीप कुमार, सुधांशु शेखर, मनोज कुमार गिरी, ऊषा दीप, संध्या सिंह, आलोक कुमार पांडे, रवि रंजन प्रभात और पद्मश्री पाण्डेय शामिल हैं। इनमें विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और कंप्यूटर विज्ञान विषय के शिक्षक शामिल हैं।
दरअसल, संकल्प संध्या रेमेडियल क्लास का उद्देश्य विद्यार्थियों को विशेष पढ़ाई के जरिए उनकी शैक्षणिक कमियों को दूर करने में मदद करना है। इसके लिए शिक्षकों की भागीदारी और सहयोग को जरूरी माना गया है। ऐसे में शिक्षकों द्वारा कार्यक्रम के संचालन में सहयोग नहीं करने और बहिष्कार किए जाने के मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है।
डीईओ सरस्वती कुमारी ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सभी 10 शिक्षकों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। अब देखना होगा कि शिक्षक अपने स्पष्टीकरण में क्या वजह बताते हैं और शिक्षा विभाग इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।




Users Today : 254
Who's Online : 1