वैशाली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। गंगा नदी पर बने इस पुल का नाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस पुल को नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण का प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश सेतु के शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच की दूरी कम होगी। इससे आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने बिहार में तेजी से विकसित हो रहे सड़क नेटवर्क का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक सड़कों का निर्माण हो रहा है। इसी क्रम में औरंगाबाद सिक्स लेन हाईवे का भी लोकार्पण किया गया है। सड़क परियोजनाओं के साथ ऊर्जा और शहरी विकास के क्षेत्र में भी कई काम किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण, पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट के शिलान्यास और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार के विकास को गति मिली है। उनके मुताबिक, पिछले एक साल में राज्य में करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं।
किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने के लिए नई नीति लाई गई है। मोतिहारी समेत अन्य इलाकों की चीनी मिलों को चालू करने की दिशा में पहल की जा रही है। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 11 नए नलकूप लगाने की योजना बनाई गई है। साथ ही सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है।
शिक्षा और महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि एक साल में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू हुए हैं। बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास कार्यों की सूची इतनी लंबी है कि एक सभा में सभी परियोजनाओं का जिक्र करना संभव नहीं है। उन्होंने राज्य की जनता को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने पर बधाई दी।




Users Today : 254
Who's Online : 1