पटना : नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। राघोपुर के बीडीओ के बयान पर रुस्तमपुर थाना में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दर्जनों की संख्या में युवक और बच्चे हाथों में RJD का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की।
इसी बीच कुछ युवकों ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल किए जाने की भी बात सामने आई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। कुछ युवाओं ने वायरल वीडियो पर गाना लगाकर रील भी बनाई।
रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक के अनुसार, बीडीओ के बयान पर 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान कर रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले रास्ते पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।
इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद दर्जनों युवक और बच्चे सेतु पर पहुंच गए और पोस्टर फाड़ने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह घटना हुई, लेकिन इसे रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई देने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है।




Users Today : 254
Who's Online : 2