पटना : जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश प्रसाद राय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि सभी सदस्य बिहार के विकास और अपने-अपने क्षेत्रों की बेहतरी के लिए काम करेंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है। सभी सदस्यों ने अपनी शपथ प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सभी विधान पार्षद अपने मतदाताओं और क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।
दो निर्दलीय MLC की सदस्यता पर क्या बोले PK ?
दो निर्दलीय विधान पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने और उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग वाली याचिका खारिज होने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज ने विधिसम्मत कार्रवाई के लिए विधान परिषद के सभापति से आग्रह किया था। अब जानकारी मिल रही है कि सभापति ने किसी वजह से याचिका खारिज कर दी है। पार्टी इस फैसले पर विचार करेगी और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर BJP पर साधा निशाना
वहीं, नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन और इस दौरान आरजेडी की ओर से किए गए विरोध पर प्रशांत किशोर ने बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विरोध सिर्फ विरोध के लिए नहीं होना चाहिए। इस पुल की परिकल्पना और निर्माण का श्रेय नीतीश कुमार को मिलना चाहिए। जब इस पुल की योजना बनाई जा रही थी, उस समय न बीजेपी उनके साथ थी और न ही आरजेडी।
पीके ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब प्रधानमंत्री को बुलाकर दोबारा उद्घाटन के जरिए इसका राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जुलाई 2025 में ही इस पुल का उद्घाटन कर दिया था। ऐसे में एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन करना दूसरे के काम को अपने खाते में जोड़ने जैसा है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर सेतु होने में कोई बुराई नहीं है, क्योंकि इससे लोगों को फायदा होगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब जुलाई 2025 में पुल का उद्घाटन हुआ था, उस समय सम्राट चौधरी और नितिन नवीन भी मंच पर मौजूद थे।
पीके ने तंज कसते हुए कहा कि एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन करना प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करता है। इस मौके पर जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष कुशवाहा, रामबली चंद्रवंशी, बब्बन यादव समेत पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद रहे।




Users Today : 271
Who's Online : 0