Home राज्य पटना में गृहरक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, DG- DGP प्रीता वर्मा के कार्यालय...

पटना में गृहरक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, DG- DGP प्रीता वर्मा के कार्यालय का किया घेराव; कई मांगों पर अड़े जवान

0
202

पटना : सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में गृहरक्षक सड़क पर उतर आए। गांधी मैदान के पास जुटे गृहरक्षकों ने मार्च करते हुए छज्जुबाग स्थित बिहार गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय का रुख किया। यहां महानिदेशक सह महासमादेष्टा के कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने डीजी सह डीजीपी प्रीता वर्मा के कार्यालय का भी घेराव किया।

इस आंदोलन का आह्वान बिहार रक्षावाहिनी स्वयंसेवक संघ ने किया है। संघ का आरोप है कि गृहरक्षकों की समस्याओं को लेकर कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

संघ के महासचिव सुदेश्वर प्रसाद ने कहा कि गृहरक्षकों की प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति लाभ की गणना बहाली की तारीख से करने का मुद्दा शामिल है। उनका कहना है कि सेवा अवधि की गणना खाता खुलने की तारीख के बजाय नियुक्ति की तारीख से होनी चाहिए। पे-रोल और नकद भुगतान के तहत काम की गई अवधि को भी सेवा गणना में शामिल करने की मांग की गई है।

गृहरक्षकों ने ईपीएफ की राशि जमा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। संघ का आरोप है कि सितंबर 2019 से वेतन से ईपीएफ की कटौती की जा रही है, लेकिन कुछ जिलों में यह राशि ईपीएफ खाते में जमा नहीं हुई है। इसके कारण सेवानिवृत्त और मृत गृहरक्षकों के आश्रितों को पेंशन और बीमा का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। संघ ने लंबित राशि का भुगतान कराने और स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने मृत गृहरक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग भी उठाई। संघ का कहना है कि कई जिलों में नियुक्ति से जुड़े आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। छोटी-मोटी त्रुटियों के कारण आश्रितों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की गई है।

संघ ने जिला कार्यालय, पुलिस केंद्र और मैगजीन गार्ड में वर्षों से प्रतिनियुक्त कर्मियों को हटाने की भी मांग की। इसके अलावा जिला कार्यालयों में 9 से 10 वर्षों से तैनात कार्यपालक सहायकों यानी कंप्यूटर ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए गए। संघ ने कथित तौर पर मनमाने तरीके से प्रतिनियुक्ति कराने के बदले पैसे लेने के आरोपों की जांच कराने की मांग की है।

संघ के महासचिव सुदेश्वर प्रसाद ने साफ कहा कि गृहरक्षकों की समस्याओं का समाधान होने तक विरोध जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। फिलहाल प्रदर्शनकारी मुख्यालय स्तर पर बैठक बुलाने और लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि गृहरक्षकों के इस प्रदर्शन के बाद विभाग की ओर से उनकी मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
पटना साहिब में गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व आज, विशेष दीवान सजा; नगर कीर्तन की तैयारियां पूरी राज्य

पटना साहिब में गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व आज, विशेष दीवान सजा; नगर कीर्तन की तैयारियां पूरी