पटना सिटी : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 558वें प्रकाश पर्व को लेकर धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब और गुरुद्वारा गुरु के बाग में प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को दोनों गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और गुरु की वाणी का श्रवण किया।
तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में विशेष दीवान की शुरुआत श्री जपुजी साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद भाई ज्ञान सिंह ने आसा दी वार का कीर्तन किया। रागी हरजीत सिंह ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया, जबकि ज्ञानी गगनदीप सिंह ने कथा प्रवचन किया। चौकी विलावल में नविंदर सिंह, जोगिंदर सिंह और बिक्रम सिंह ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। अरदास और हुकूमनामा के बाद दीवान का समापन हुआ।
नगर कीर्तन से पहले गुरुद्वारा गुरु के बाग में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां दो दिनों से चल रहे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की समाप्ति हुई। इसके बाद ज्ञानी दलजीत सिंह ने कथा प्रवचन किया। कविश्री जत्था भाई निशान सिंह झबाल, जमशेदपुर के भाई गुरदीप सिंह और भाई हरमीत सिंह तथा लुधियाना के भाई गुरमेल सिंह बरनाला ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया।
जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने अरदास की, जबकि अतिरिक्त मुख्य ग्रंथी दिलीप सिंह ने हुकूमनामा लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच कड़ा प्रसाद वितरित किया गया और गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित हुआ।
गुरुद्वारा गुरु के बाग से नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचने पर शाम को विशेष दीवान और कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसमें रहिरास साहिब का पाठ, आरती, अरदास, हुकूमनामा और शबद कीर्तन का आयोजन होगा।
गुरु नानक देव जी महाराज के 558वें प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह मंगलवार को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में आयोजित होगा। सोमवार को यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ रखा गया था। मंगलवार को पाठ की समाप्ति के बाद विशेष दीवान सजेगा। इसमें रागी जत्थों की ओर से कीर्तन और ज्ञानीजनों द्वारा कथा प्रवचन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को अमृत छकाकर सिख पंथ की दीक्षा भी दी जाएगी।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुवाणी प्रचार सेवा केंद्र की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘गुरु नानक देव जी महाराज का बिहार आगमन’ का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक की रचना प्रो. लाल मोहर उपाध्याय ने की है। विमोचन के बाद पुस्तक संगत के बीच वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन बेबी कुमारी ने किया, जबकि छोटू तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस तरह पटना साहिब में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर भक्ति, सेवा और कीर्तन का माहौल बना हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।




Users Today : 274
Who's Online : 1