पटना : कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुल पर गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 123 वाहन चालकों का चालान काटा गया और कुल 3 लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस के मुताबिक, छह लेन के नवनिर्मित पुल पर गलत दिशा में वाहन चलाने से गंभीर सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए पुल पर यातायात पुलिस की टीम तैनात की गई है। पुलिसकर्मी लगातार वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की ओर से वाहन चालकों को निर्धारित दिशा और लेन में चलने की हिदायत दी जा रही है। इसके बावजूद कुछ चालक जल्दबाजी में गलत दिशा से वाहन लेकर निकल रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि थोड़ी दूरी बचाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें। साथ ही निर्धारित लेन में वाहन चलाएं और रफ्तार नियंत्रित रखें।
पुलिस ने साफ किया है कि नीतीश सेतु पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




Users Today : 271
Who's Online : 0